
गिरिडीह: बेंगाबाद प्रखंड के घुमाडीह मौजा स्थित पैतृक जमीन की जमाबंदी को लेकर विवाद गहरा गया है। मामले में पीड़ित ओम प्रकाश कुमार ने पहले बेंगाबाद अंचल अधिकारी को आवेदन देकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की थी। अब उन्होंने गांडेय विधानसभा की विधायक कल्पना सोरेन को भी आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।आवेदन में ओम प्रकाश कुमार ने बताया है कि उनके दादा स्वर्गीय मंगल महतो के नाम से वर्ष 1971 का केवाला उपलब्ध है। मौजा घुमाडीह, हल्का संख्या-05, खाता संख्या-21 एवं प्लॉट संख्या-27 की कुल 27 डीसमिल भूमि में से 6 डीसमिल जमीन पर उनका परिवार वर्षों से मकान बनाकर निवास कर रहा है, जबकि शेष 21 डीसमिल भूमि राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-114ए) निर्माण के लिए पूर्व में अधिग्रहित की जा चुकी है।उन्होंने आरोप लगाया है कि इसके बावजूद नामांतरण मुकदमा संख्या 1488/2025-26 के तहत 03 जनवरी 2026 को उक्त भूमि की जमाबंदी कथित रूप से गलत एवं संदिग्ध तरीके से ज्योति देवी, पति मनोज कुमार राम, निवासी बेंगाबाद के नाम से कायम कर दी गई।पीड़ित का कहना है कि जमीन से संबंधित लगान रसीद लगातार कटती रही है और उनके परिवार का वर्षों से उक्त भूमि पर वैध कब्जा एवं मकान है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गलत तरीके से की गई जमाबंदी को निरस्त करने की मांग की है।इस संबंध में ओम प्रकाश कुमार ने गांडेय विधायक कल्पना सोरेन से हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं अब इस पूरे मामले में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की पहल पर लोगों की नजर बनी हुई है।(नोट: खबर में लगाए गए आरोप आवेदक द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर हैं। संबंधित पक्ष और प्रशासन का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)

