
बेंगाबाद, 26 मई।करणपुरा में निर्माणाधीन स्टेडियम को लेकर किसानों और भू-स्वामियों का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेश यादव ने प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।राजेश यादव ने कहा कि बहुफसली खेती वाली जमीन पर स्टेडियम निर्माण के बजाय किसी वैकल्पिक स्थान का चयन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश इसी जमीन पर निर्माण जरूरी हो, तो प्रभावित किसानों और भू-स्वामियों को उचित मुआवजा और न्याय मिलना चाहिए।निरीक्षण के दौरान स्थानीय किसानों ने बताया कि यह जमीन वर्षों से खेती के उपयोग में रही है और पास से गुजर रहे जीवित नाले के कारण काफी उपजाऊ मानी जाती है। किसानों का कहना है कि उन्होंने जमीन अधिग्रहण के खिलाफ विभिन्न स्तरों पर आवेदन दिए थे, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर अदालत की शरण लेनी पड़ी। किसानों के अनुसार, अदालत से उन्हें राहत भी मिली है।वहीं, निर्माण कार्य से जुड़े संवेदक पक्ष का कहना है कि निर्माण कार्य प्रशासनिक स्वीकृति और अधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराई गई जमीन पर ही कराया जा रहा है। उनका कहना है कि संबंधित विभाग और अंचल प्रशासन द्वारा जमीन आवंटित किए जाने के बाद ही कार्य शुरू किया गया है। ऐसे में संवेदक निर्धारित प्रक्रिया और विभागीय निर्देशों के तहत कार्य कर रहे हैं।राजेश यादव ने जिला प्रशासन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सरकार से मामले में संवेदनशीलता के साथ पहल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ किसानों के अधिकारों और आजीविका का भी ध्यान रखा जाना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रभावित लोगों को न्याय नहीं मिला, तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।मौके पर पार्टी के प्रखंड उपाध्यक्ष रामलाल मंडल, प्रखंड महासचिव शंभू ठाकुर, बाबूलाल चौधरी, मो. गुलाब अंसारी, इंद्रजीत यादव, नीरज कुमार, फरीद अंसारी, प्रकाश यादव, सद्दाम अंसारी, धीरज कुमार, सीताराम चौधरी, दिनेश यादव, कलावती देवी, राधिका देवी, भूषण देवी, जेबुन खातून, शाहिना खातून, सोनिया देवी, उर्मिला देवी सहित कई स्थानीय लोग मौजूद थे

