
ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक की सक्रिय कार्यकर्ताओं की एक बैठक आज झंडा मैदान में संपन्न हुई, जिसमें संगठन विस्तार के साथ-साथ जनता के विभिन्न सवालों पर जनसुनवाई का आयोजन कर जनता के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का निर्णय लिया गया।बैठक की अध्यक्षता शिवनंदन यादव ने की और संचालन शंभू ठाकुर ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के गिरिडीह जिला संयोजक राजेश यादव ने कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार चरम पर है और आम जनता को प्रखंड-अंचल में अपने हर काम के बदले रिश्वत देने पड़ रहे हैं।उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की लड़ाई में विकास की लंबित योजनाओं का पैसा तक भुगतान नहीं हो रहा है। दोनों ही सरकारों ने झारखंड में पलायन रोकने के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठाए हैं। बेरोजगारी चरम पर है और रिश्वतखोरी अलग ही जान ले रही है।बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई, जिसमें 16 जनवरी को कामरेड महेंद्र सिंह शहादत दिवस पर बेंगाबाद में ‘जन संघर्ष संकल्प दिवस’ मनाना, 23 जनवरी को गिरिडीह में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाना और 22 फरवरी को सदर प्रखंड के कोवाड़ में ‘किसान अधिकार दिवस’ मनाना शामिल है।

