
रिपोर्ट:- शाविया हैदर जमुआ जमुआ, गिरिडीह: जमुआ थाना क्षेत्र के जमुआ-द्वारपहरी रोड पर सरकारी ट्रांसफार्मर से छेड़छाड़ और बिजली विभाग के कर्मियों से दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। इस संबंध में बिजली विभाग की ओर से जमुआ थाना में लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।जानकारी के अनुसार, उक्त स्थल पर लगा 25 केवीए का सरकारी ट्रांसफार्मर तकनीकी खराबी के कारण जल गया था, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। आरोप है कि इसी दौरान स्थानीय निवासी बादल साव ने विभाग को सूचना दिए बिना निजी मिस्त्री को बुलाकर पास के चालू ट्रांसफार्मर से अवैध रूप से लाइन जोड़ने का प्रयास किया।बताया गया कि सूचना मिलने पर लाइनमैन मो. सरफराज आलम मौके पर पहुंचे और अवैध कार्य रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी द्वारा उनके साथ धक्का-मुक्की एवं दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया गया है। आवेदन में धमकी देने की बात भी कही गई है।बिजली विभाग के अनुसार इस छेड़छाड़ से झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड को लगभग 70 हजार 830 रुपये के राजस्व नुकसान का अनुमान है। विभाग का कहना है कि इस घटना से आम उपभोक्ताओं को भी बिजली संकट का सामना करना पड़ा।बिजली विभाग के आवेदन पर जमुआ थाना में कांड संख्या 103/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
