
गिरिडीह, 09 मई 2026: भारत की जनगणना 2027 को सफल और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने को लेकर गिरिडीह जिला प्रशासन पूरी तरह गंभीर नजर आ रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को उपायुक्त रामनिवास यादव ने बेंगाबाद स्थित एस एस प्लस टू उच्च विद्यालय बेंगाबाद में आयोजित जनगणना 2027 के प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रशिक्षण की व्यवस्था, फील्ड ट्रेनर्स द्वारा दी जा रही जानकारी तथा जनगणना कार्य की तैयारियों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कर्मियों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समझ और कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान उपायुक्त स्वयं भी प्रशिक्षण सत्र में शामिल हुए और जनगणना कार्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं है, बल्कि देश की विकास योजनाओं की मजबूत नींव है। सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, आवास, पेयजल और रोजगार जैसी योजनाओं की रूपरेखा जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही तैयार करती है। ऐसे में इस कार्य को पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और गंभीरता के साथ करना बेहद जरूरी है।प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कर्मियों को नजरी नक्शा तैयार करने, मकानों के सूचीकरण, मकानों की गणना और स्व-गणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी कर्मी निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी व्यक्ति या परिवार जनगणना से वंचित न रह जाए।उन्होंने बताया कि भारत की जनगणना 2027 का प्रथम चरण 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान मकानों का सूचीकरण एवं गणना का कार्य किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक भवन, परिवार और उससे संबंधित आवश्यक जानकारियों का संकलन किया जाएगा।उपायुक्त ने आम नागरिकों से भी अपील करते हुए कहा कि वे 15 मई तक स्व-गणना प्रक्रिया का लाभ उठाएं और सही एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना कार्य को अधिक प्रभावी और सुगम बनाया जा सके।अंत में उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कर्मियों से कहा कि वे प्रशिक्षण में दी गई जानकारियों को गंभीरता से आत्मसात करें और फील्ड में पूरी दक्षता के साथ कार्य करें। उन्होंने दो टूक कहा कि जनगणना देशहित से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

