
बेंगाबाद (गिरिडीह): गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव ने शनिवार को बेंगाबाद प्रखंड, अंचल कार्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर सरकारी व्यवस्था की हकीकत सामने ला दी। निरीक्षण के दौरान जहां प्रखंड और अंचल कार्यालय में भारी अव्यवस्था मिली, वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल स्थिति देखकर डीसी का गुस्सा फूट पड़ा।सबसे पहले उपायुक्त बेंगाबाद अंचल सह प्रखंड कार्यालय पहुंचे। उस समय बीडीओ और सीओ दोनों कार्यालय में मौजूद नहीं थे। डीसी ने कार्यालय परिसर का निरीक्षण किया तो चारों तरफ गंदगी और कचरे का ढेर नजर आया। कार्यालय के अंदर तक मोटरसाइकिलें खड़ी मिलीं, जबकि महत्वपूर्ण फाइलें और अभिलेख बेतरतीब तरीके से बिखरे पड़े थे। रिकॉर्ड रूम की स्थिति भी बेहद खराब मिली।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने उपस्थिति पंजी की जांच की, जिसमें कई कर्मचारी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इस लापरवाही पर डीसी ने तत्काल नाराजगी जताते हुए अनुपस्थित कर्मियों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ कहा कि सरकारी कार्यालय जनता की सुविधा के लिए हैं, लेकिन यहां लापरवाही और अनुशासनहीनता चरम पर है।इसके बाद उपायुक्त सीधे बेंगाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां हालात और चिंताजनक मिले। वार्डों में गंदगी फैली हुई थी, शौचालय जर्जर हालत में थे और दवा वितरण कक्ष में अव्यवस्था का आलम था। डीसी ने डिलीवरी रूम, ओपीडी और दवा स्टोर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई जरूरी दवाओं का स्टॉक पंजी में दर्ज आंकड़ों से मेल नहीं खाता पाया गया। मरीजों के लिए बुनियादी सुविधाओं की कमी भी सामने आई।अस्पताल और कार्यालय में फैली अव्यवस्था देखकर उपायुक्त रामनिवास यादव ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण और कर्मचारियों की उपस्थिति में तत्काल सुधार किया जाए। दोबारा निरीक्षण में कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।उपायुक्त ने बीडीओ और सीओ को नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। वहीं स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी को मरीजों के बेहतर इलाज और सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।डीसी के इस सख्त रुख के बाद पूरे प्रखंड कार्यालय और स्वास्थ्य केंद्र में हड़कंप मच गया। कर्मचारी एक जगह इकट्ठा होकर खड़े नजर आए और अधिकारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बेंगाबाद में उपायुक्त के औचक निरीक्षण की चर्चा पूरे इलाके में होती रही।

