
बेंगाबाद: बेंगाबाद में साप्ताहिक हाट के दौरान लगने वाले भीषण जाम और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना प्रभारी ने दल-बल के साथ हाट स्थल पहुंचकर राष्ट्रीय राजमार्ग NH-114A के किनारे फुटपाथ पर लगने वाली दुकानों को हटवाया और सभी दुकानों को व्यवस्थित तरीके से सर्विस रोड में शिफ्ट कराया।दरअसल, हाट के दिन सब्जी, फल और अन्य सामानों की दुकानें सड़क तक फैल जाती थीं, जिससे NH पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित होती थी। सड़क संकरी होने के कारण अक्सर लंबा जाम लग जाता था और राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। वहीं तेज रफ्तार वाहनों के बीच दुकानदारी होने से हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर सभी फुटपाथी दुकानदारों को सड़क किनारे दुकान नहीं लगाने का कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने दुकानदारों को समझाया कि NH किनारे दुकान लगाने से न सिर्फ यातायात बाधित होता है, बल्कि उनकी जान को भी खतरा बना रहता है।पुलिस की मौजूदगी में सभी दुकानों को सर्विस रोड में शिफ्ट कराया गया, जिससे हाट के दिन NH-114A पर यातायात काफी हद तक सुचारू नजर आया। कार्रवाई के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।स्थानीय लोगों ने थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय बाद प्रशासन ने जाम और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर कदम उठाया है। लोगों का मानना है कि यदि इसी तरह लगातार निगरानी होती रही, तो बेंगाबाद में हाट के दौरान लगने वाले जाम और हादसों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।पुलिस प्रशासन ने भी साफ चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि किसी ने सड़क किनारे दुकान लगाने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
