
धनबाद / रांची:
झारखंड में संगठित अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत धनबाद में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रांची और धनबाद पुलिस की विशेष संयुक्त टीम की कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के अपराधियों के साथ मुठभेड़ हो गई। इस दौरान हुई फायरिंग में गिरोह के हैंडलर कुबेर समेत दो अपराधियों को गोली लगी है।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम अपराधियों की तलाश में निकली थी। इसी दौरान धनबाद इलाके में अपराधियों से आमना-सामना हो गया, जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो अपराधियों को घायल कर गिरफ्तार कर लिया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई के साथ ही पिछले सप्ताह रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में होटल कर्मी की हत्या के मामले का भी खुलासा हो गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस घटना में प्रिंस खान गिरोह का हाथ था।
घायल अपराधियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं पुलिस पूरे मामले में अन्य अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।
फिलहाल पूरे मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और पुलिस जल्द ही विस्तृत जानकारी साझा कर सकती है।
