
राँची: राजधानी राँची के पुंदाग ओपी क्षेत्र स्थित सेल सिटी में उस समय हड़कंप मच गया जब ब्लॉक E-1 के एक फ्लैट में अचानक गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ब्लास्ट के बाद फ्लैट में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई दे रहा था। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन फ्लैट के अंदर रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। शुरुआती अनुमान के अनुसार, आग लगने की वजह गैस सिलेंडर में लीकेज बताई जा रही है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के फ्लैट्स में भी कंपन महसूस किया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर गैस सिलेंडर के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
👉 प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर का उपयोग करते समय सावधानी बरतें और किसी भी तरह की लीकेज की आशंका होने पर तुरंत संबंधित एजेंसी को सूचना दें।
