
वन विभाग द्वारा चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान में मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। विभाग की कार्रवाई में एक नेत्रहीन परिवार का आशियाना जमींदोज कर दिया गया, जिससे कड़कड़ाती ठंड में परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। हालांकि, इस कठिन समय में सामाजिक कार्यकर्ता लालो राईन ने मदद का हाथ बढ़ाकर मिसाल पेश की है।ठंड में सड़क पर आया परिवारबताया जा रहा है कि पीड़ित नेत्रहीन परिवार लंबे समय से उक्त जमीन पर झोपड़ी बनाकर रह रहा था। वन विभाग के अनुसार, यह भूमि वन क्षेत्र की थी, जिसे मुक्त कराना अनिवार्य था। बुलडोजर चलने के बाद परिवार का सारा सामान मलबे में तब्दील हो गया। सोशल मीडिया पर बेघर परिवार की तस्वीरें वायरल होते ही लोगों में विभाग के प्रति आक्रोश और परिवार के प्रति सहानुभूति की लहर दौड़ गई।लालो राईन ने लिया घर बनाने का संकल्पइस मामले को संज्ञान में लेते हुए सामाजिक कार्यकर्ता लालो राईन ने घोषणा की है कि वे बेघर हुए परिवार को दो डिसमिल जमीन और उस पर एक कमरे का मकान बनवाकर देंगे। उन्होंने कहा कि नियम अपनी जगह हैं, लेकिन मानवता सबसे ऊपर है।अब क्षेत्र के लोगों और प्रशासन की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि यह वादा कितनी जल्दी पूरा होता है, ताकि पीड़ित परिवार को इस भीषण ठंड से राहत मिल सके।

