
रांची | 17 मार्च 2026
झारखण्ड पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार में मंगलवार को पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्र की अध्यक्षता में आगामी त्योहार ईद, सरहुल एवं रामनवमी को लेकर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक (अभियान), पुलिस महानिरीक्षक (अभियान), प्रोविजन, बोकारो प्रक्षेत्र सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भौतिक रूप से उपस्थित रहे, जबकि राज्य के सभी प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप-महानिरीक्षक एवं सभी जिलों के वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
जिलावार सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
बैठक के दौरान आगामी त्योहारों को देखते हुए राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। इसमें सांप्रदायिक मामलों से जुड़े कांडों, लंबित वारंट, कुर्की-जब्ती, निरोधात्मक कार्रवाई, जुलूस मार्गों का सत्यापन, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा, सीसीटीवी और ड्रोन निगरानी जैसे मुद्दों की समीक्षा की गई।
सभी जिलों से शांति समिति की बैठकों, संयुक्त नियंत्रण कक्ष, आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था और जुलूस मार्गों पर प्रकाश एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम की तैयारियों की जानकारी ली गई।
डीजीपी के सख्त निर्देश
डीजीपी तदाशा मिश्र ने सभी जिलों को निर्देश दिया कि:
असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों पर कड़ी नजर रखी जाए
संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए
जुलूस और धार्मिक स्थलों की ड्रोन से निगरानी की जाए
सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई हो!
इसके साथ ही महिला सुरक्षा, वीवीआईपी मूवमेंट, हॉटस्पॉट क्षेत्रों की पहचान, तथा सीसीटीवी निगरानी को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।
अतिरिक्त दिशा-निर्देश
डीजीपी ने सुरक्षा बलों के लिए भोजन, पानी और आवासन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का भी आदेश दिया।
साथ ही प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक और क्षेत्रीय पुलिस उप-महानिरीक्षकों को अपने-अपने स्तर पर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
(स्रोत: मीडिया सेल, पुलिस मुख्यालय, झारखंड, रांची)

