
गिरिडीह/बेंगाबाद से रिपोर्टदिवंगत मंगल महतो उर्फ शास्त्री जी की तीसरी पुण्यतिथि के अवसर पर बेंगाबाद स्थित कलावती अस्पताल परिसर में श्रद्धांजलि सभा सह मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आम और खास लोगों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके व्यक्तित्व व कृतित्व को याद किया।कार्यक्रम की शुरुआत मंगल महतो जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। श्रद्धांजलि सभा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मंगल महतो जी एक सरल, मिलनसार और समाजसेवी व्यक्तित्व के धनी थे, जिन्होंने जीवन भर शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया।इस मौके पर उनके पुत्र डॉ. बीरेंद्र यादव ने भावुक शब्दों में कहा कि वे अपने पिता के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लेते हैं। उन्होंने कहा कि “पिताजी ने हमें हमेशा ईमानदारी, सेवा और समर्पण का मार्ग दिखाया, और हम उसी रास्ते पर आगे बढ़ेंगे।”कार्यक्रम में जिला सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव, पूर्व प्रमुख बेंगाबाद रामप्रसाद यादव, राष्ट्रीय यादव सेना के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, मनोज यादव, पवन यादव, छोटेलाल यादव, जेडीयू नेता सरयू गोप सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत मंगल महतो जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने की बात कही।श्रद्धांजलि सभा के साथ-साथ नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य जांच कराई और इसका लाभ उठाया।आयोजकों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देना है, बल्कि समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाना भी है, जो मंगल महतो जी के जीवन का मुख्य उद्देश्य रहा।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने और समाज के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

