
गिरिडीह, 04 अप्रैल 2026:जिले में छात्राओं को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित वातावरण देने के उद्देश्य से उपायुक्त रामनिवास यादव ने बिरनी और सरिया प्रखंड के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लस टू उच्च विद्यालय भरकट्टा का भी जायजा लिया।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, भोजन, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से जांच की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छात्राओं की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना प्राथमिकता होनी चाहिए।उपायुक्त ने कक्षाओं में पठन-पाठन की स्थिति, पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष और विज्ञान प्रयोगशाला का निरीक्षण करते हुए शिक्षकों को नियमित कक्षाएं संचालित करने और समय पर पाठ्यक्रम पूरा कराने का निर्देश दिया।इस दौरान उपायुक्त ने छात्रावास में रह रही छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। छात्राओं ने भोजन, स्वच्छता, पढ़ाई और खेलकूद से जुड़ी अपनी बातें साझा कीं। इस पर उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्राओं को समय पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए और रसोई की साफ-सफाई व खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर भी उपायुक्त ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और शौचालयों की प्रतिदिन सफाई हो। साथ ही छात्राओं के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर और मेडिकल चेकअप कराने का निर्देश भी दिया गया।सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए उपायुक्त ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने छात्रावासों में सीसीटीवी कैमरे, रात्रि निगरानी और रजिस्टर संधारण को मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही बाहरी लोगों के अनावश्यक प्रवेश पर रोक लगाने को कहा।उपायुक्त ने छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, योग और संगीत जैसी गतिविधियों के नियमित आयोजन पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे समाज में बेहतर भूमिका निभा सकेंगी।निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

